अवैध धान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2250 कट्टा धान और धान से भरा ट्रक जब्त
महासमुंद जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार बागबाहरा और सरायपाली विकासखंड में की गई सघन जांच के दौरान 2250 कट्टा अवैध धान और धान से भरा एक ट्रक जब्त किया गया। साथ ही समिति सत्यापन में राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक और तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया गया।
बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन में अनियमितताओं की जांच के दौरान संयुक्त टीम ने समितियों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में राजडेरा समिति में धान की अधिकता और तेंदूकोना समिति में भारी कमी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में तेंदूकोना से भुरकोनी मार्ग पर लगभग 200 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक पकड़ा गया, जिसे बुंदेली चौकी के सुपुर्द किया गया। वहीं उड़ीसा से लाकर खेतों और बाड़ी में छुपाकर रखे गए लगभग 1000 कट्टा धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर थाना कोमाखान को सौंपा गया। टूहलू चेकपोस्ट के पास धान से भरा एक अन्य ट्रक भी पकड़ा गया, जिसे आगे की कार्रवाई हेतु टूहलू थाना भेजा गया।
सरायपाली विकासखंड के ग्राम गिधामुंडा में बरतराम के गोदाम में निरीक्षण के दौरान 1400 कट्टा धान पाया गया, जिसमें से 600 कट्टा धान का वारिसान पंजीयन प्रक्रियाधीन था, जबकि 800 कट्टा धान अधिया का बताया गया, परंतु वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। उक्त 800 कट्टा धान को जब्त किया गया। इसके अलावा सारंगढ़-घठौरा से नवागढ़ महासमुंद समिति की ओर अवैध परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टरों में लदे 250 कट्टा धान भी जब्त किए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
