लैलूंगा क्षेत्र में अवैध अफीम खेती पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, 61 किलो से अधिक अफीम जब्त
रायगढ़, 23 मार्च। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत तमनार के आमाघाट से लेकर लैलूंगा विकासखंड के नवीन घटगांव एवं मुड़ागांव तक प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक कार्रवाई की। आमाघाट में पूर्व कार्रवाई के दौरान लगभग 60,326 अफीम पौधे और 3 किलोग्राम तैयार अफीम जब्त कर आरोपी मार्शल संगा और एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद जिलेभर में अवैध अफीम खेती के विरुद्ध सघन फिजिकल और ड्रोन सर्वे शुरू किया गया।
इसी क्रम में ग्राम नवीन घटगांव में सादराम नागवंशी के कब्जे से 6.100 किलोग्राम सूखे पत्ते और 16.000 किलोग्राम सूखे डंठल जब्त कर अपराध क्रमांक 94/2026 दर्ज किया गया। वहीं अभिमन्यु नागवंशी के घर से 14 किलोग्राम अफीम की सूखी फसल बरामद कर अपराध क्रमांक 95/2026 पंजीबद्ध किया गया। ग्राम मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी के कब्जे से 4.00 किलोग्राम अफीम पोस्त जब्त कर अपराध क्रमांक 96/2026 दर्ज किया गया। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (बी), 18 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि ड्रोन तकनीक से दुर्गम क्षेत्रों में भी निगरानी तेज की गई है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है। लगातार कार्रवाई से मादक पदार्थ कारोबारियों में दहशत का माहौल है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण या क्रय-विक्रय पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की गई है।
