कांसाबेल में 8,39,500 रुपये के पीडीएस बारदानों गबन मामले में मुख्य आरोपी रिजवान अली व खरीददार सुधीर साहू गिरफ्तार, जेल भेजे गए
जशपुर जिले के थाना कांसाबेल क्षेत्र में पीडीएस बारदानों के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रिजवान अली और बारदानों के खरीददार सुधीर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर 33 हजार 580 नग बारदानों, जिनकी कीमत 8 लाख 39 हजार 500 रुपये है, के गबन का आरोप है। इस संबंध में जिला विपणन अधिकारी की रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में भादवि की धारा 408, 420 और 411 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
प्रकरण के अनुसार वर्ष 2022-23 में पीडीएस बारदानों के संकलन और परिवहन का कार्य अनुबंध के आधार पर आरोपी रिजवान अली को सौंपा गया था। जांच में सामने आया कि कांसाबेल विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों से बारदानों का संकलन करने के बाद उन्हें विपणन संघ कुनकुरी के गोदाम में जमा नहीं कर आरोपी ने गबन कर लिया। कलेक्टर जशपुर द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की पुष्टि की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सूरजपुर और अंबिकापुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP 65-GA-0244 और 4000 नग बारदानों को जब्त किया है तथा शेष बारदानों की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
