रायपुर : जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा स्व. दिलीप सिंह जूदेव का जीवन — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 8 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व लोकसभा सांसद स्व. दिलीप सिंह जूदेव की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उनके सामाजिक-राजनीतिक जीवन और समाज के प्रति किए गए योगदानों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्व. दिलीप सिंह जूदेव का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और विशेष रूप से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार कार्य किया और अपने जीवन को जनसेवा के लिए समर्पित रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में आदिवासी समाज की पहचान, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने में जूदेव का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर विधायक गोमती साय, विधायक रायमुनि भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
