न्यूज

ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई, 6 मवेशी मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

रायगढ़, 26 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 कृषक मवेशियों को मुक्त कराया और एक आरोपी समारू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह फरार आरोपी कुसु यादव के लिए मवेशियों की तस्करी कर रहा था, जिसकी तलाश जारी है।

मामले में पुलिस को 25 मार्च को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति 4 बैल और 2 बछड़ों को मारपीट करते हुए बिना चारा-पानी के उड़ीसा ले जा रहा है। इस पर थाना प्रभारी गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अटल चौक लैलूंगा में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और मवेशियों को मुक्त कराया।

प्रकरण में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 100/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से 6 मवेशी (कीमत ₹53,000) और एक लकड़ी का डंडा जब्त किया गया तथा मवेशियों को गौशाला सुपुर्द किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button