कापू पुलिस ने “ऑपरेशन तलाश” में मारपीट मामले के फरार आरोपी उमेश नट को किया गिरफ्तार
रायगढ़, 8 मार्च। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जमीन विवाद में मारपीट की घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी उमेश कुमार नट (48) निवासी ग्राम कण्ड्रजा थाना कापू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटना 10 नवंबर 2025 की है, जब ग्राम कण्ड्रजा विजयनगर पटनापारा निवासी बाबू सिंह उर्फ नान्हू उर्फ पप्पू नट ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जमीन के खसरा नंबर 3571/2 को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आरोपी उमेश नट अपने साथियों के साथ प्रार्थी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए तलवार, डंडे और हाथ-मुक्कों से प्रार्थी व उसके परिजनों के साथ मारपीट की। मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 190/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी, जिसमें पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी के उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शहडोल और छत्तीसगढ़ के महासमुंद क्षेत्र में चोरी व उठाईगिरी की वारदातों में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है, वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
