अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने नारी शक्ति संगठनों का किया सम्मान
रायगढ़, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जूटमिल थाना परिसर में वार्ड की सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने वार्ड नंबर 42 के नारी शक्ति संगठन बजरंगपारा और नारी शक्ति संगठन इंदिरा आवास अमलीभौना की महिला सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों पर नियंत्रण और नशा मुक्ति के लिए आमजन की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में बजरंगपारा की महिलाओं ने आपसी सहयोग से राशि एकत्र कर वार्ड की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए। वहीं अवैध शराब के खिलाफ महिलाएं स्वयं गश्त कर लोगों को जागरूक कर रही हैं, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब की शिकायतों में कमी आई है। इसी पहल से प्रेरित होकर इंदिरा आवास अमलीभौना क्षेत्र की महिलाओं ने भी नारी शक्ति संगठन बनाकर नियमित गश्त और शराबबंदी के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिसमें जूटमिल पुलिस सहयोग कर रही है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महिला प्रधान आरक्षक रेखा नागरे और देवकुमारी भारती को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति अभियान और मिशन सिक्योरिटी के तहत सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में थाना जूटमिल का समस्त स्टाफ और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
