जशपुर पुलिस ने ओडिशा से गुम नाबालिग छात्रा को बरामद कर आरोपी इष्टा राणा को गिरफ्तार कर भेजा जेल
जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र के चौकी कोल्हेंझरिया क्षेत्रांतर्गत रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को भगाकर शादी का झूठा वादा देने और यौन अपराध करने के मामले में जशपुर पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी इष्टा राणा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने घर से स्कूल जाने की आड़ में निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत भगोने के मामले की जांच शुरू की और लगातार पतासाजी, संदिग्धों से पूछताछ व मुखबिर की सूचना के आधार पर पता चला कि नाबालिग लड़की ओडिशा राज्य के एक गांव में आरोपी इष्टा राणा के साथ है। पुलिस की टीम ने ओडिशा में घुसकर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया।
पूछताछ में नाबालिग छात्रा ने बताया कि उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी इष्टा राणा से दोस्ती हुई थी, जिसके बाद उसने शादी का झांसा देकर उसे ओडिशा ले गया और यौन अपराध किया। बयान व जमा साक्ष्यों के आधार पर थाना पत्थलगांव में BNS की धारा 137(2), 64(2)(M), 65(1) और पॉस्को एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को आज्ञा पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
