न्यूज

ग्राम गमेकेला में लैलूंगा थाना प्रभारी की जन चौपाल, अपराध जागरूकता के साथ नशा मुक्ति का दिया संदेश

रायगढ़, 24 जनवरी। थाना लैलूंगा के थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में ग्राम गमेकेला में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को वर्तमान अपराधों के प्रति जागरूक करना, महिला सुरक्षा को मजबूत करना तथा जिले में चल रहे नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और गांव के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने महिला अपराधों की रोकथाम, साइबर ठगी से बचाव, यातायात नियमों के पालन और मानव तस्करी से सतर्क रहने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी मांगने जैसी ठगी से सावधान रहने और किसी भी शंका की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट, गति नियंत्रण और नशे में वाहन न चलाने पर विशेष जोर दिया गया।

नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में महिलाओं ने समूह बनाकर अवैध शराब पर निगरानी शुरू की है, जिससे शराबखोरी और उससे जुड़े अपराधों में कमी आई है। उपस्थित महिलाओं ने समिति बनाकर नशा मुक्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस–जन सहभागिता को मजबूत करने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button