न्यूज

कोटवार सम्मेलन आयोजित, अवैध गतिविधियों की सूचना देने के निर्देश

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में पुलिस और ग्राम स्तर के सूचना तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना दरिमा, चौकी रघुनाथपुर, चौकी केदमा और थाना उदयपुर क्षेत्र में कोटवार सम्मेलन आयोजित किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस सम्मेलन में पुलिस और कोटवारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा गांवों में होने वाली अवैध और आपराधिक गतिविधियों की समय पर सूचना पुलिस तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

सम्मेलन के दौरान कोटवारों को ग्राम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की जानकारी तत्काल थाना या चौकी में देने के निर्देश दिए गए। थाना और चौकी प्रभारियों ने कोटवारों से गांवों की स्थिति, गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों, जमीन विवाद, झगड़े या दुर्घटना जैसी घटनाओं की जानकारी प्राप्त की और ऐसी किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए कहा।

बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी जागरूक किया गया। कोटवारों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी साइबर चुनौतियों के बारे में जानकारी देते हुए गांवों में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button