तमनार के आमाघाट में 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार की अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, दो और के खिलाफ मामला दर्ज
रायगढ़, 21 मार्च 2026। थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के बड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड निवासी मार्शल संगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 18 के तहत अपराध क्रमांक 59/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया गया है, जबकि उसके दो साथी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को 19-20 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस टीम ने आमाघाट में दबिश दी। मौके पर दो खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल पाई गई, जहां से 60,326 पौधे और कुल 2,877 किलोग्राम अफीम पौध जब्त किया गया। साथ ही आरोपी के बताए स्थान से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद हुई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंका गया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ बिना किसी वैध अनुमति के अफीम की खेती कर रहा था। मामले में एफएसएल, राजस्व, कृषि और आबकारी विभाग की टीमों ने भी मौके पर जांच की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
