न्यूज

लैलूंगा पुलिस की मानवीय पहल, मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उपचार के लिए मनोरोग अस्पताल भेजा गया

रायगढ़, 14 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ अज्ञात महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक अज्ञात महिला लारीपानी बस स्टैंड के आसपास घूम रही है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला के बारे में जानकारी एकत्र करने का प्रयास किया, लेकिन महिला अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी और उसके परिजनों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई। महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसके समुचित उपचार के लिए पहल करते हुए विधिवत प्रक्रिया के तहत अनुविभागीय दंडाधिकारी से अनुमति प्राप्त की गई और उसे उपचार के लिए राज्य मनोरोग अस्पताल सेन्द्री, बिलासपुर भेजा गया।

महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, जिन्होंने महिला के दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कर उसे सुरक्षित रूप से सेन्द्री अस्पताल में भर्ती कराया। रायगढ़ पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, वहीं पुलिस प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button