न्यूज

चैतन्य नगर से चोरी हुई होंडा सिटी कार 24 घंटे में बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। चैतन्य नगर क्षेत्र से चोरी हुई होंडा सिटी कार को कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक 7 मार्च 2026 को मोहम्मद मुनीर मसूरी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मेसर्स जिंदल पावर लिमिटेड की होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 H 3690 रिपेयरिंग के लिए उनके गैरेज में आई थी। रिपेयरिंग के बाद 6 मार्च को कार को चैतन्य नगर कॉलोनी के सामने खाली स्थान पर खड़ा किया गया था, लेकिन रात करीब 8:30 बजे वाहन वहां से गायब मिला। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 106/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से संदेही आकाश यादव को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों आजाद अली उर्फ बहादूर और सोनूखान के साथ मिलकर कार चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद आरोपी के बयान पर कार बरामद कर ली गई। पुलिस ने आकाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button