साइबर फ्रॉड पर आधारित फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का जशपुर में भव्य शुभारंभ, जागरूकता का संदेश
रायगढ़/जशपुर, 5 अप्रैल 2026। जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में साइबर फ्रॉड पर आधारित शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की उपस्थिति रही। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं फिल्म की टीम मौजूद रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत इस फिल्म का उद्देश्य साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। फिल्म में साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों को प्रभावी ढंग से दिखाया गया है। इसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा, वहीं फिल्म में ऋभु समर्थ सिंह सहित अन्य कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया। कौशल्या देवी साय ने इसे जागरूकता का सशक्त माध्यम बताया, वहीं अरुण देव गौतम ने फिल्म के संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि फिल्म का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति सजग करना है और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।
