न्यूज

पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में 37वाँ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन, जागरूकता अभियानों से दुर्घटनाओं में 32 प्रतिशत कमी दर्ज

सरगुजा जिले में 01 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम अंबिकापुर में गरिमामयी समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान सरगुजा पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। लर्निंग लाइसेंस शिविर, स्कूल–कॉलेजों में जागरूकता सत्र, नुक्कड़ नाटक, वाहन परीक्षण एवं बस चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण जैसे प्रयासों से हजारों नागरिक लाभान्वित हुए, जिनमें लगभग 1100 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस प्राप्त किया।

समापन समारोह में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजित बसंत ने कहा कि सड़क सुरक्षा नागरिकों के व्यवहार का स्थायी हिस्सा बनना चाहिए और इसके लिए सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मैनपाट महोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित रखने, रिंग रोड पर अवैध पार्किंग रोकने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु संयुक्त कार्ययोजना पर जोर दिया। महापौर अंबिकापुर मंजूषा भगत ने अपने उद्बोधन में कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं से प्रारंभ होना चाहिए, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और दुर्घटनाओं में कमी संभव होगी।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि माह भर चले अभियानों के माध्यम से नागरिकों को यातायात सुरक्षा के मापदंडों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित शिविरों से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए, सारथी दिवस पर अच्छे चालकों को सम्मानित किया गया तथा निशुल्क हेलमेट वितरण किया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में लगभग 32 प्रतिशत की प्रभावी कमी दर्ज की गई है और भविष्य में भी जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एनसीसी–एनएसएस कैडेट्स, छात्र–छात्राओं, वाहन चालकों, पुलिस मितान सदस्यों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया तथा जरूरतमंद नागरिकों को हेलमेट वितरित किए गए। इस अवसर पर अमोलक सिंह ढिल्लों, राहुल बंसल, शिव कुमार कठोतिया, विनय सोनी, सुरेश भगत, टूल सिंह पट्टावी, राजेंद्र मंडावी, रंजीत गुप्ता, प्रवीण कुमार द्विवेदी, शशिकांत सिन्हा, सी.पी. तिवारी, विजय केवर्त, शोभा दास सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, विद्यार्थी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button