ऑन-ड्यूटी वनकर्मियों से मारपीट पर घरघोड़ा पुलिस की कड़ी कार्रवाई—5 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
रायगढ़, 5 फरवरी। जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए घरघोड़ा पुलिस ने वनपाल एवं वनकर्मियों से मारपीट व शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडागर्दी और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहले मामले में वन परिक्षेत्र तमनार के केराखोल पश्चिम में पदस्थ वनपाल गोपी सिंह राठिया ने शिकायत दर्ज कराई कि लैंड बैंक सर्वे के दौरान बीरसिंह मांझी और जयकुमार मांझी ने पूर्व प्रकरण को लेकर आक्रोशित होकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और डंडे से मारपीट के लिए दौड़ाया। शिकायत पर घरघोड़ा थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी, तभी ग्राम खोखरोआमा में प्रतिबंधित वृक्षों की अवैध कटाई को लेकर विवाद की सूचना मिली। मौके पर पूछताछ के दौरान प्रेमचंद राजपूत, संतोष कुमार राजपूत और राजेश राजपूत उग्र होकर लोकशांति भंग करने का प्रयास करने लगे। समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर तीनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी हुआ।
इस पूरे प्रकरण पर एसएसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में कहीं भी मारपीट, दबंगई या सरकारी कार्य में बाधा डालने की घटना पर पुलिस तत्काल और सख्त कार्रवाई करेगी। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा असामाजिक तत्वों से पूरी कठोरता के साथ निपटा जाएगा।
