उड़ीसा से गांजा सप्लायर गिरफ्तार, रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र में 4 किलो गांजा के साथ पहले पकड़े गए आरोपियों से खुलासा
जिला सरगुजा में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई के तहत रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा निवासी सप्लायर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस टीम ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध गांजा, घटना में प्रयुक्त आई20 कार और 6 मोबाइल सहित कुल 4,86,000 रुपये की मशरूका बरामद की थी। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के सप्लायर से लाकर बेचने की बात स्वीकार की थी।
मामले में 26 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम गंगापुर में घेराबंदी कर पुलिस ने आई20 कार से आए तीन आरोपियों और एक स्थानीय व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा था। आरोपियों से बरामद गांजा की कीमत 36,000 रुपये आंकी गई। पूछताछ में सभी ने उड़ीसा के सुंदरगढ़ निवासी नंदकुमार साहू उर्फ नंदा से गांजा खरीदकर बिक्री करना स्वीकार किया, जिस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।
आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के जरिए सप्लायर नंदकुमार साहू तक पहुंच बनाई और उसे उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में रघुनाथपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर एन पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
