न्यूज

मोबाइल दुकान चोरी से बैंक लूट की साजिश तक का खुलासा, रायगढ़ पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़कर 26.47 लाख की संपत्ति बरामद की

रायगढ़, 30 मार्च 2026। रायगढ़ पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मोबाइल दुकान में चोरी और दो बैंकों में लूट के असफल प्रयास के मामले में 5 आरोपी युवक और 1 विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो चारपहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 26 लाख 47 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। गिरोह का सरगना मोह. अरसलान बताया गया है, जिसने युवकों का नेटवर्क बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम दिया।

मामले का खुलासा घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित मोबाइल दुकान में फरवरी में हुई चोरी की जांच के दौरान हुआ। इसके बाद 15-16 मार्च को धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और 16-17 मार्च की रात जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी/लूट के प्रयास की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले एक आरोपी को पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे पहले रेकी करते थे और फिर सुनसान दुकानों व बैंकों को निशाना बनाते थे, साथ ही सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी सिस्टम तक उखाड़ ले जाते थे।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने कुडुमकेला की मोबाइल दुकान से मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी चोरी कर जंगल में छिपाया था तथा बाद में बैंकों को निशाना बनाया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इस मामले में धरमजयगढ़ और जूटमिल थानों में भी अलग-अलग अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और बैंकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button