न्यूज

सरकारी नौकरी के नाम पर 20,04,000 रुपये की ठगी — मुख्य आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार, साथी फरार

रायगढ़, 26 मार्च। पुसौर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 20,04,000 रुपये की ठगी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विवेक कुमार शर्मा को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि उसका सहयोगी सितेश पाणिग्राही अभी फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से चेक, एटीएम कार्ड और मोबाइल जब्त किए गए हैं।

मामले में ग्राम घुघवा निवासी कुंजबिहारी पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी सितेश पाणिग्राही ने मंत्रालय में पहचान का झांसा देकर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उससे किस्तों में 4,58,300 रुपये और 3,69,000 रुपये लिए। इसी तरह गांव के मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3,77,000 रुपये और देवकुमार से 8,00,000 रुपये लेकर कुल 20,04,000 रुपये की ठगी की गई। जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपियों ने रकम लौटाने के लिए फर्जी चेक दिए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी विवेक कुमार को दुर्ग से गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपियों ने अन्य जिलों में भी इसी तरह ठगी की है, जिसकी जांच जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आमजन से अपील की है कि नौकरी लगाने के नाम पर किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button