कोरबा बस स्टैंड में पूर्व गृहमंत्री के बेटे की दबंगई, कार घुसाकर दुकानदार से मारपीट: थाने से कार लेकर भागा
कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि 11 मार्च को इतवारी बाजार के पास नशे की हालत में कार चलाते हुए वह बस स्टैंड पर लगी सेवई की दुकान में घुस गया। टक्कर से दुकान को नुकसान हुआ, जिसके बाद दुकानदार अजीन कुरैशी ने विरोध किया तो संदीप ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
दुकानदार के अनुसार, संदीप ने अपने पिता के रसूख का हवाला देते हुए कहा कि वह ननकीराम का बेटा है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिसमें आरोपी को हंगामा करते हुए देखा जा रहा है।
माहौल बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने संदीप को पकड़कर कोतवाली थाने पहुंचाया, लेकिन वहां भी उसने पुलिस के सामने हंगामा किया और अपनी कार लेकर थाने से भाग निकला। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
