रायगढ़ में “विजुअल पुलिसिंग” के तहत पैदल पेट्रोलिंग तेज, खुले में शराब पीने और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
रायगढ़, 21 मार्च 2026। शहर में “विजुअल पुलिसिंग” को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां खुले में शराब सेवन और अड्डेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मुख्य बाजार, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शाम के समय दबिश दे रही है।
चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में पहाड़ मंदिर और टीवी टावर इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान 6 लोगों को पकड़ा गया। इस दौरान खुले में शराब पीते पाए गए एक आरोपी पर आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई, वहीं नशे में वाहन चलाते मिले चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत केस दर्ज किया गया, जिसमें 10,000 रुपये जुर्माना या 6 माह तक की सजा का प्रावधान है। कोतवाली क्षेत्र में मुख्य बाजार, उर्दना और ईलामाल इलाके में कार्रवाई करते हुए 9 लोगों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी कड़ी में जूटमिल थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड, दुर्गा चौक, हीरानगर, कबीर चौक, कांशीराम चौक और अटल चौक में भी पुलिस ने पैदल मार्च किया। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की मौजूदगी देखकर कई लोग मौके से हट गए। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी “विजुअल पुलिसिंग” के तहत शहर में सतत अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
