न्यूज

मोटरसाइकिल गिरवी रखकर 12 हजार का कर्ज, 3% ब्याज पर ग्रामीण से वसूली और प्रताड़ना का आरोप, FIR दर्ज

रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भकुर्रा में एक ग्रामीण ने गांव के ही व्यक्ति पर मोटरसाइकिल गिरवी रखकर कर्ज देने और लगातार ब्याज वसूली के साथ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता रामप्रसाद राठिया (55 वर्ष) की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, 9 सितंबर 2024 को शिकायतकर्ता ने आरोपी चूणामणी गुप्ता से 12,000 रुपये उधार लिए थे। इसके बदले उसने अपनी CT 100 बजाज मोटरसाइकिल (CG-13-Y-0279) गिरवी रख दी थी। आरोपी द्वारा 3 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने नियमित रूप से ब्याज और 10,500 रुपये मूलधन भी चुका दिए, इसके बावजूद आरोपी लगातार पैसे की मांग करते हुए गांव और खेत तक में पीछा कर मानसिक रूप से परेशान करता रहा।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी द्वारा अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह मोटरसाइकिल और अन्य सामान गिरवी रखकर ब्याज पर पैसा देने और वसूली के दौरान प्रताड़ना करने की बात सामने आई है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना उपनिरीक्षक गिरधारी साव को सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button