ढोढ़ागांव मांझापारा जंगल में महुआ बीनने के विवाद पर मारपीट
रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के ढोढ़ागांव मांझापारा जंगल में महुआ बिनने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रार्थी पवन कुमार राउत (26 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने किर्ती यादव (35 वर्ष), शांति यादव (30 वर्ष) और गणेशी यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 20 मार्च 2026 की बताई जा रही है।
प्रार्थी के अनुसार, उसके परिवार द्वारा लंबे समय से उपयोग की जा रही जमीन और महुआ पेड़ को लेकर आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन उसकी माँ और बहन महुआ बिनने गई थीं, जहां आरोपियों ने विवाद करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपियों ने मारपीट कर दी, जिसमें टांगी के पिछले हिस्से से हमला किया गया।
हमले में प्रार्थी की माँ और बहन को सिर, कंधे, सीने और हाथ में चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
