किराया विवाद में जानलेवा हमला, पूंजीपथरा रंजीत कॉलोनी से आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रायगढ़, 26 मार्च। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के रंजीत कॉलोनी में मकान किराया विवाद के चलते प्लांटकर्मी पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी बंशीधर चौहान को पकड़ा गया।
घटना 23 मार्च की है, जब किराया मांगने पर आरोपी बंशीधर चौहान भड़क गया और प्लांटकर्मी चन्द्रभान प्रसाद पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित को सिर, माथा, गाल, हाथ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर 24 मार्च को थाना पूंजीपथरा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि हिंसा करने वालों और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
