महुआ बीनने को लेकर लैलूंगा के जमईजोर में पारिवारिक विवाद, जेठानी सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमईजोर में महुआ बीनने को लेकर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने चेतवंती यादव (35 वर्ष) की शिकायत पर उसकी जेठानी अनिमा यादव, ओमप्रकाश यादव और उनके दोनों बच्चों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। घटना 8 मार्च की सुबह लगभग 10 बजे की बताई गई है।
शिकायत में बताया गया कि चेतवंती यादव अपने घर के पीछे खेत में महुआ बीन रही थी, तभी अनिमा यादव, ओमप्रकाश यादव और उनके बच्चों ने महुआ बीनने से मना करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि अनिमा यादव ने उसका गला दबाया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, वहीं दोनों बच्चों ने भी मारपीट में साथ दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
लैलूंगा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना ग्राम जमईजोर में प्रार्थिया के घर के पीछे खेत के पास हुई और मामले की जांच हेड कांस्टेबल भुखला राम भगत को सौंपी गई है।
