न्यूज

03 साल से अलग रह रहे दंपति को परिवार परामर्श केंद्र ने मिलाया, काउंसलिंग से फिर जुड़ा रिश्ता

अम्बिकापुर महिला थाना अंतर्गत परिवार परामर्श केंद्र की पहल से तीन वर्ष से अलग रह रहे पति–पत्नी के रिश्ते में नई शुरुआत हुई। आवेदिका रेनु गुप्ता की शादी 25/11/22 को बालोद निवासी राहुल गुप्ता के साथ सामाजिक रीति–रिवाज से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही आपसी मतभेद के कारण दोनों अलग रहने लगे और 14/01/23 से रेनु अपने मायके सीतापुर में रह रही थीं। पति द्वारा साथ रखने से इंकार करने पर रेनु ने कुटुम्ब न्यायालय में प्रकरण भी दायर किया, जो निरस्त हो गया। इसके बाद 01/10/25 को उन्होंने महिला थाना अम्बिकापुर में शिकायत प्रस्तुत की, जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार मामले को परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग हेतु लिया गया।

महिला थाना में दोनों पक्षों और उनके परिजनों की उपस्थिति में काउंसलिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। पहली बैठक में राहुल गुप्ता ने पत्नी को साथ रखने से स्पष्ट इंकार कर दिया, जिससे रिश्ता लगभग टूटने की स्थिति में पहुंच गया था। इसके बावजूद महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज एवं काउंसलिंग टीम ने लगातार संवाद का प्रयास जारी रखा। 31/01/26 को पुनः दोनों पक्षों को थाने बुलाकर विस्तार से समझाइश दी गई, जिसके बाद राहुल गुप्ता ने पत्नी के साथ रहने की सहमति व्यक्त की और आपसी समझौता संपन्न हुआ।

लगातार सकारात्मक संवाद और मनोवैज्ञानिक परामर्श के फलस्वरूप शिक्षित परिवार का यह टूटता रिश्ता फिर से जुड़ सका। समझौते के बाद 31/01/26 को ही रेनु गुप्ता और राहुल गुप्ता को परिवारजनों की उपस्थिति में एक साथ जगदलपुर के लिए रवाना किया गया। इस पूरी कार्यवाही में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज, काउंसलर मीरा शुक्ला एवं प्रधान आरक्षक संतोष गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button