महुआ बिनने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई से की मारपीट
रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में महुआ बिनने के विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जगालमहुआ निवासी लखन सिदार (28 वर्ष) ने अपने बड़े भाई रामकुमार सिदार (37 वर्ष) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक 12 मार्च की सुबह करीब 8 बजे दोनों भाई अमटपानी जंगल में अपने-अपने हिस्से का महुआ बिनने गए थे। इस दौरान रामकुमार सिदार द्वारा छोटे भाई के हिस्से का महुआ उठाने पर विवाद हो गया। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पत्थर से मुंह पर तथा डंडे से पीठ पर हमला कर दिया, जिससे पीड़ित को चोट आई।
घटना की सूचना मिलने पर कापू थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
