पुरानी रंजिश में मारपीट, ईंट से हमला कर व्यक्ति को किया घायल
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सुबरा में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मार्च की शाम करीब 7 बजे बाबूलाल पैंकरा गांव में एक बैठक के लिए लोगों को बुलाने जा रहे थे, तभी रास्ते में वेणू पैंकरा ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि वेणू पैंकरा ने पास में पड़ी ईंट से बाबूलाल पैंकरा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर से खून निकलने लगा। इसी दौरान रामकुमार पैंकरा और निर्मल पैंकरा भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर मारपीट की। घटना में बाबूलाल पैंकरा को सिर, सीने, दाहिने हाथ की कलाई और कमर में चोटें आई हैं।
घटना को देखकर गांव के मोहन पटेल, दुलामणी चक्रवर्ती सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने वेणू पैंकरा, रामकुमार पैंकरा और निर्मल पैंकरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
