ग्राम अम्लीभौना में पुसौर पुलिस का नशा मुक्ति अभियान, ग्रामीणों ने लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प
रायगढ़, 22 मार्च 2026। जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान भी तेज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर निगरानी रखते हुए गांव-गांव में नशा मुक्त वातावरण बनाने के लिए आमजन की भागीदारी बढ़ा रही है।
इसी क्रम में पुसौर पुलिस ने ग्राम अम्लीभौना (छोटे भंडार) में थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें ग्रामीण, महिला समिति और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम में नशे के आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों के साथ सड़क दुर्घटनाओं में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों, महिला समिति और पुलिस टीम ने संयुक्त रैली निकालकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” का संदेश दिया और नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, साथ ही जागरूकता के माध्यम से समाज को नशा मुक्त बनाने का प्रयास प्राथमिकता में है।
