जिले वजन त्यौहार 09 से 18 फरवरी तक, 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर का होगा समग्र आकलन
रायगढ़ जिले में 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर के सटीक आकलन के लिए समुदाय की सक्रिय सहभागिता के साथ वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार यह अभियान 09 से 18 फरवरी तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में संचालित होगा। इस दौरान प्रत्येक केन्द्र में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु विशेष व्यवस्था की जाएगी।
इससे पूर्व जिले में वजन त्यौहार का आयोजन 12 सितंबर 2023 से 23 सितंबर 2024 तक किया गया था। कलेक्टर द्वारा संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर क्लस्टरवार तिथियों का निर्धारण सुनिश्चित करें, जिससे सभी पात्र बच्चों का वजन समय पर लिया जा सके। अभियान के दौरान बच्चों का वजन, लंबाई एवं ऊँचाई मापी जाएगी।
प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कुपोषण की वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रत्येक बच्चे की जानकारी निर्धारित सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी। इससे कुपोषित बच्चों का अद्यतन डाटाबेस तैयार होगा और उनके लिए लक्षित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी। कलेक्टर ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निकटतम आंगनबाड़ी केन्द्र में लाकर वजन त्यौहार में अनिवार्य रूप से सहभागिता करें।
