जनरल परेड में डीआईजी-एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने ली सलामी, अनुशासन व टर्नआउट की समीक्षा
अम्बिकापुर। रक्षित केंद्र अम्बिकापुर में आयोजित जनरल परेड में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन और टोलीवार परेड की समीक्षा की गई। उत्कृष्ट टर्नआउट और बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उत्साहवर्धन के लिए इनाम देकर प्रोत्साहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर शाखा और आर्म्स शाखा का भी अवलोकन किया गया। शाखाओं में रखी सामग्रियों और शस्त्रों के रखरखाव, समय पर वितरण तथा नियमित साफ-सफाई और मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रक्षित केंद्र में संचालित पुलिस यूनिट बैंक के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार लाभ पहुंचाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा का भी निरीक्षण किया और शासकीय वाहनों की अद्यतन स्थिति, रखरखाव तथा ड्राइवर डायरी और लॉग बुक की जांच की। बीपी वाहन, जैमर वाहन सहित अन्य वाहनों को अच्छी स्थिति में रखने के निर्देश वाहन शाखा प्रभारी को दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सहित विभिन्न थाना-चौकी और कार्यालयों से कुल 174 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
