डीजीपी अरुण देव गौतम का रायगढ़ दौरा: कानून व्यवस्था, नवाचार और जनसहभागिता पर दिया जोर
रायगढ़, 06 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम 5 अप्रैल को जशपुर से सड़क मार्ग से रायगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने रक्षित केंद्र स्थित ऑफिसर्स मेस में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में नवाचार और जनसहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने और बीट प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान डीजीपी ने कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, आमजन के साथ संवाद बनाए रखने और स्थानीय विवादों का समय पर शांतिपूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुधारने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, समंस-वारंट की समय पर तामिली और न्यायालयीन प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए, जिससे जनता का विश्वास और मजबूत हो।
दौरे के अगले चरण में डीजीपी ने होमगार्ड फायर यूनिट और छठवीं वाहिनी का निरीक्षण किया तथा संसाधनों और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के निर्देश दिए। सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने रायगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि साइबर अपराध नियंत्रण, म्यूल अकाउंट्स पर कार्रवाई और संसाधनों के उन्नयन से पुलिसिंग मजबूत हो रही है। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
