न्यूज

कलेक्टर ने चपले गांव में चावल उत्सव का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी वितरण और हितग्राही सहभागिता बढ़ाने के निर्देश

रायगढ़, 11 फरवरी 2026। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकानों में आयोजित चावल उत्सव का कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने खरसिया विकासखंड के ग्राम चपले पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर राशन वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्सव में अधिक से अधिक हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु और आम लोगों के लिए सहज होनी चाहिए।

खाद्य विभाग ने जानकारी दी कि जिले की 664 शासकीय एवं समूह संचालित उचित मूल्य दुकानों में हर माह चावल उत्सव आयोजित किया जाएगा। साप्ताहिक हाट-बाजार वाले गांवों में 6 तारीख के बाद लगने वाले पहले हाट के दिन तथा अन्य दुकानों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को उत्सव होगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आयोजन से पूर्व संबंधित दुकानों में माह का पूरा आबंटित राशन अनिवार्य रूप से भंडारित रहे। निरीक्षण के दौरान खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी चित्तरंजन सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

उत्सव के सफल संचालन के लिए प्रत्येक दुकान में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो स्टॉक का भौतिक सत्यापन और वितरण की निगरानी करेंगे। निगरानी समिति के सदस्य, मितानिन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्वैच्छिक संगठनों की उपस्थिति में राशन वितरण कराया जाएगा। जिला स्तर पर प्रतिमाह मॉनिटरिंग कर यह देखा जाएगा कि कितने हितग्राही पहुंचे, कितना राशन वितरित हुआ और किसी प्रकार की अनियमितता तो नहीं मिली, ताकि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button