मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गौधाम योजना का किया शुभारंभ, निराश्रित गौवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
रायगढ़, 14 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से राज्य में निराश्रित और घुमंतू गौवंश के संरक्षण के उद्देश्य से गौधाम योजना का वर्चुअल शुभारंभ किया। जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना, उनके संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि गोधन ग्रामीण संस्कृति और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में गौधाम समिति के जिला अध्यक्ष बंशीधर बेहरा, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता चौहान, उपाध्यक्ष राम श्याम डनसेना सहित कई जनप्रतिनिधि और गौधाम समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योजना को गौवंश संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि गौधाम स्थापित होने से सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय, भोजन, पानी और उपचार की व्यवस्था मिल सकेगी।
पशुधन विकास विभाग के उप संचालक एस.के. सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जहां शेड, फेंसिंग, पेयजल और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गौवंश के पोषण आहार के लिए सरकार द्वारा चरणबद्ध वित्तीय सहायता दी जाएगी, साथ ही अधोसंरचना निर्माण, चारा विकास और गौसेवकों के मानदेय का भी प्रावधान किया गया है। योजना के लागू होने से सड़कों और गांवों में घूमने वाले निराश्रित पशुओं की समस्या में कमी आने के साथ गौवंश संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
