झारखंड को 1-0 से हराकर छत्तीसगढ़ ने जीता महिला फुटबॉल का स्वर्ण पदक
रायपुर, 02 अप्रैल 2026। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम कोटा में खेले गए महिला फुटबॉल फाइनल में छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने दमदार खेल दिखाया और पहले हाफ तक स्कोर 0-0 की बराबरी पर रहा, जहां मजबूत रक्षा और आक्रमण ने मुकाबले को संतुलित बनाए रखा।
दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई और कप्तान किरण पिस्दा ने निर्णायक गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद टीम ने शानदार तालमेल और मजबूत डिफेंस के दम पर बढ़त को अंत तक बरकरार रखा, जिससे झारखंड की टीम वापसी नहीं कर सकी।
अंततः छत्तीसगढ़ ने 1-0 से जीत दर्ज कर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पूरे मुकाबले में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और टीमवर्क ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल मैच के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनूजा सलाम भी मौजूद रहीं।
