न्यूज

ज्ञान, तकनीक और नवाचार में राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ेगा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 10 फरवरी 2026 — मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के साथ अब ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। राज्य सरकार आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस और निवेश-अनुकूल नीतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आईटी, आईटीईएस एवं इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों का भरोसेमंद गंतव्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह बात अपने निवास कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के बीच हुए समझौता ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान कही।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस एमओयू के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) तथा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार तथा स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित उद्यम शुरू करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक ईएसडीडी सेंटर प्रति वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधाएं प्रदान करेगा। इस पहल से प्रदेश के युवाओं को इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा राज्य के भीतर ही उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उच्च कौशल वाले युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा।

मुख्यमंत्री ने एसटीपीआई के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए विश्वास जताया कि यह समझौता राज्य के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ को मिलेगा और प्रदेश डिजिटल नवाचार व तकनीकी उद्यमिता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, निदेशक एसटीपीआई रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ प्रभात मलिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button