ढिमरापुर चौक स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी, 8 के खिलाफ मामला दर्ज
रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ढिमरापुर चौक जिंदल रोड स्थित श्री राम ट्रांसपोर्ट में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। प्रार्थी कमल किशोर शाह ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वे अपने साथी गजपति चौधरी के साथ ट्रांसपोर्ट व्यवसाय संचालित करते हैं। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 336(3), 338, 340(2) और 60 के तहत अपराध क्रमांक 0187/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, कंपनी के कर्मचारी प्रकाश मिश्रा और दीपक शर्मा द्वारा फर्जी वाउचर तैयार कर धोखाधड़ी की गई। 26 फरवरी 2026 को भुगतान के दौरान एक ही नंबर के कई वाउचर सामने आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद जांच में खुलासा हुआ कि सितंबर 2025 से लगातार इस तरीके से फर्जी वाउचर बनाकर भुगतान लिया जा रहा था। आरोपियों ने अलग-अलग गाड़ियों के नाम पर एक ही नंबर के डुप्लीकेट वाउचर तैयार कर कंपनी से रकम निकाली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संदीप बंसल, नेहा चौहान, सूर्यकांत अग्रवाल, जासमिन बंजारा, प्रियंका गुप्ता और कमल बसोड ने भी इस फर्जीवाड़े में सहयोग किया और अपने खातों में रकम प्राप्त की। प्रार्थी के अनुसार इस पूरी साजिश से कंपनी को कुल 32,00,000 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दस्तावेजों और लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।
