छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा खम्हार में सेंधमारी, 65 हजार के उपकरण हुई चोरी
जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हार स्थित शाखा में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। प्रकरण में शाखा प्रबंधक प्रणव थवाईत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 15 मार्च की सुबह सामने आई, जब बैंक के मैसेंजर को स्थानीय ग्रामीण से चोरी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पाया गया कि अज्ञात व्यक्ति शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और बैंक में रखे मॉडेम, राउटर, सीसीटीवी डीवीआर, स्विच सहित अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
चोरों ने सिर्फ चोरी ही नहीं की, बल्कि बैंक के अंदर कई जरूरी सिस्टम और फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया है, जिसमें अलार्म सिस्टम, पैनिक स्विच, मैग्नेटिक सेंसर, टेबल और अलमारी शामिल हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
