रायगढ़ में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: बड़े रामपुर, छातामुड़ा और सांगीतराई में राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 03 अप्रैल 2026। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व विभाग ने तहसील रायगढ़ और पुसौर में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए कई स्थानों पर बेदखली की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम सीमा से लगे बड़े रामपुर में 07 डिसमिल शासकीय भूमि पर संचालित फेब्रिकेशन दुकान को हटाया गया, वहीं मुख्य सड़क से लगी करीब 10 डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। सांगीतराई में खसरा नंबर 382 की 0.243 हेक्टेयर भूमि पर अनुभव बिल्डर्स द्वारा बनाई जा रही अवैध बाउंड्रीवाल को भी तोड़ दिया गया, जिससे जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।
पुसौर के छातामुड़ा में 2400 वर्गफुट शासकीय भूमि पर बनी अवैध सड़क को ध्वस्त कर नाले का प्राकृतिक प्रवाह बहाल किया गया। वहीं लोहरसिंग में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी जमीन पर खड़ी प्रीकास्ट वॉल को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
