पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा वितरित, 340 परिवारों को मिलेगा पक्के घर का लाभ
रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ के महापौर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के चयनित हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान हितग्राहियों को उनके आवास निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। महापौर ने बताया कि शहर में पहले 130 और वर्तमान में 210 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे कुल 340 हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए पक्के मकान का सपना पूरा करने का सशक्त माध्यम है। हितग्राहियों को निर्माण कार्य के लिए राशि चार किश्तों में दी जाएगी, जिसमें नींव खुदाई के लिए ₹63,000, लिंटल लेवल पर ₹87,000, ढलाई स्तर पर ₹65,000 और पूर्ण निर्माण पर ₹35,000 प्रदान किए जाएंगे। निर्धारित समय में निर्माण पूर्ण करने पर ₹32,850 की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में मो. फारुख अंसारी, रेशमा बानो, शरबरी बानो, माया यादव सहित अन्य हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महापौर ने हितग्राहियों से समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपील की और कहा कि नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जाएगी। हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
