न्यूज

14 किलो गांजा के साथ विधि से संघर्षरत बालक पकड़ा, स्कॉर्पियो और मोबाइल सहित 12.80 लाख का सामान जब्त

अंबिकापुर में कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा, एक स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 12 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई डीआईजी व एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 30 F 8689 में कुछ युवक बासबाड़ी रोड अंबिकापुर में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वाहन के पास मौजूद चार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। तीन युवक बासबाड़ी का घेरा फांदकर जंगल की ओर फरार हो गए, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को मौके पर पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर सीट के बीच रखे प्लास्टिक बोरे से 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में बालक ने साथियों के साथ लैलूंगा से गांजा लाकर पुड़िया बनाकर बेचने की बात स्वीकार की। मामले में कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button