न्यूज

बारनवापारा के रामपुर ग्रासलैंड में फिर लौटे काले हिरण, वन विभाग की बड़ी सफलता

रायपुर, 02 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य के रामपुर ग्रासलैंड में काले हिरण (ब्लैकबक) की संख्या बढ़ाने का प्रयास सफल बना दिया है। अब यह क्षेत्र फिर से इन दुर्लभ और आकर्षक वन्यजीवों की मौजूदगी से जीवंत हो गया है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

वन मंत्री केदार कश्यप की मंशा और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में काले हिरणों के पुनर्स्थापन की योजना तैयार की गई थी। फरवरी के पहले सप्ताह में 30 काले हिरणों को रामपुर ग्रासलैंड में छोड़ने का प्रस्ताव स्वीकृत होते ही वन विभाग की टीम ने वैज्ञानिक प्रबंधन के तहत विशेषज्ञों की निगरानी में इन्हें सुरक्षित रूप से नए आवास में छोड़ा, जहां वे पहले से मौजूद समूह के साथ सहज रूप से घुल-मिल गए।

इस अभियान को मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) रायपुर सतोविशा समाजदार और वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। वर्तमान में वन विभाग की टीम इन हिरणों की नियमित निगरानी कर रही है और अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र में सुधार के साथ जैव विविधता को मजबूती मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button