कमरगा में नाटक देखने गए युवक की बाइक चोरी
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी का मामला सामने आया है। ग्राम कटकलिया निवासी धरमसाय मिंज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 4 फरवरी की रात वह अपनी हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AJ 1087 से ग्राम कमरगा में आयोजित नाटक देखने गया था। उसने ट्रांसफार्मर के पास बाइक खड़ी कर हैंडल लॉक कर दिया और नाटक देखने चला गया। रात करीब तीन बजे जब वह वापस लौटा तो मौके से उसकी बाइक गायब मिली।
काफी तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने पर उसने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुई बाइक की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
