कोतरारोड़ क्षेत्र में “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश तस्करी पर बड़ा प्रहार, स्कार्पियो से 6 गौवंश मुक्त — एक आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 7 अप्रैल। जिले में गौवंश संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो वाहन से 6 गौवंश मुक्त कराए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 6 अप्रैल को एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी एवं थाना प्रभारी कोतरारोड़ के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिल्वर रंग की स्कार्पियो (CG 13 D 0941) में गौवंश को भरकर ग्राम सरवानी से रायगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बैसपाली चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में बेरहमी से 6 गौवंश भरे मिले। चालक ने अपना नाम मकसूद खान (27 वर्ष), निवासी साईटागर टोली, थाना लोदाम जिला जशपुर बताया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वाहन मालिक जांहगीर शाह के कहने पर और ललित नामक व्यक्ति से गौवंश लोड कर वह परिवहन कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कार्पियो वाहन एवं 6 गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत 18,000 रुपये है, जप्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ कोतरारोड़ थाना में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य आरोपी जांहगीर शाह और ललित की तलाश जारी है, जबकि मुक्त कराए गए गौवंश का परीक्षण कर उनके देखभाल की व्यवस्था की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि गौवंश तस्करी के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
