अमेरा खदान, लखनपुर (सरगुजा) में कोयला चोरी पर बड़ी कार्रवाई: 21 आरोपी गिरफ्तार, 1.5 टन कोयला व 32 वाहन जब्त
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित अमेरा ओपन कोयला खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में संगठित रूप से कोयला चोरी किए जाने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना लखनपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोप है कि ग्रामीणों का समूह प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर कोयला चोरी व तस्करी कर रहा था तथा रोकने पर सुरक्षा कर्मियों से गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल और 19 मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से खदान क्षेत्र और आसपास से कोयला चोरी करना स्वीकार किया। मामले में थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 32/26 के तहत धारा 329(3), 303(2), 112(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई के दौरान खदान क्षेत्र के अतिरिक्त आसपास की नदियों के मुहानों पर अवैध उत्खनन के लिए खोदे गए गड्ढों को जेसीबी मशीन से पाटकर समतल कराया गया। पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी, थाना प्रभारी लखनपुर संपत पोटाई सहित थाना लखनपुर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
