न्यूज

48 घंटे के महा अभियान में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 214 फरार वारंटी गिरफ्तार

रायगढ़, 6 फरवरी। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए 48 घंटे का विशेष महा अभियान चलाया गया। जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ सघन दबिश देकर पुलिस टीमों ने सुनियोजित कार्रवाई की, जिसके तहत लंबे समय से फरार चल रहे कुल 214 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार वारंटियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया है।

अभियान की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने जिले के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों एवं राज्य के बाहर तक जाकर फरार वारंटियों की पतासाजी की। लंबे समय से कानून से बचते आ रहे आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब कोई भी आरोपी या वारंटी कानून से बच नहीं सकता।

इस विशेष अभियान में थाना तमनार पुलिस ने सर्वाधिक सफलता अर्जित करते हुए 26 स्थायी एवं 2 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसी दौरान वर्ष 2004 के मारपीट एवं चोरी के प्रकरण में 22 वर्षों से फरार चल रहे वारंटी साधुराम राठिया पिता जगन्नाथ राठिया निवासी टांगरघाट थाना तमनार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पंजाब प्रांत में छिपकर रह रहा था, जिसे हाल ही में गांव लौटने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबोच लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। एसएसपी ने सख्त शब्दों में कहा कि फरार आरोपियों एवं वारंटियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई निरंतर की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button