घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 190 लीटर महुआ शराब जब्त, 8 भट्ठियां नष्ट, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 03 अप्रैल 2026। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे दबिश दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर मौके पर घेराबंदी कर रेड की गई, जहां आरोपी छोटू डनसेना को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से करीब 190 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹19,000 है, जब्त की गई। इसके साथ ही सिल्वर के बड़े बर्तन, टिन टीपा सहित शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए तथा संचालित 8 अवैध भट्ठियों को नष्ट किया गया।
आरोपी छोटू डनसेना (37 वर्ष) निवासी घरघोड़ी थाना घरघोड़ा के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी कर अवैध शराब निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी दी है, वहीं एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
