न्यूज

ऋण स्वीकृति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य समय पर पूरा करें बैंकर्स

रायगढ़, 5 फरवरी 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं पुनरीक्षण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत बैंकों को भेजे गए ऋण प्रकरणों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। ऋण स्वीकृति और वितरण में धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान साख-जमा अनुपात, कमजोर वर्गों को ऋण स्वीकृति, महिलाओं, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए बैंकिंग सुविधाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों के साथ राष्ट्रीय ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, अंत्योदय व आदिवासी स्वरोजगार योजनाओं में ऋण प्रगति की समीक्षा की गई। किसान क्रेडिट कार्ड, डेयरी, मत्स्य, बागवानी, पीएम मुद्रा योजना, स्व-सहायता समूह बैंक लिंकेज तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।

सीईओ ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तथा पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि के प्रकरणों का भी जायजा लिया और वार्षिक साख योजना के लक्ष्यों को हर हाल में हासिल करने को कहा। आरबीआई प्रतिनिधि ने बताया कि 9 से 13 फरवरी तक “सुरक्षित बैंकिंग की ओर” विषय पर वित्तीय जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें केवाईसी एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी दी जाएगी। बैठक में संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, लीड बैंक मैनेजर, आरबीआई प्रतिनिधि सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button