न्यूज

रायगढ़ पुलिस कार्यालय में 39 वर्ष की सेवा के बाद एएसआई जयराम सिदार सेवानिवृत्त, ससम्मान विदाई

रायगढ़, 31 मार्च। पुलिस विभाग में 39 वर्षों की लंबी सेवा पूर्ण कर सहायक उप निरीक्षक जयराम सिदार अधिवर्षिकी आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में विभागीय परंपरा के अनुसार सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके समर्पित कार्यकाल की सराहना की।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने उनके सेवाकाल की जानकारी देते हुए बताया कि जयराम सिदार वर्ष 1987 में जिला पुलिस बल रायगढ़ में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। उन्होंने सिटी कोतवाली, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार और सारंगढ़ थाना सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2012 में प्रधान आरक्षक और वर्ष 2021 में सहायक उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। पदोन्नति के बाद जांजगीर-चांपा में सेवाएं देने के पश्चात वे पुनः रायगढ़ लौटे और हाल ही में रक्षित केंद्र में पदस्थ थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा की सराहना करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेंगे और विभाग हर संभव सहयोग करेगा। कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया, वहीं उनके परिवारजन भी इस गरिमामय अवसर पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button