रायगढ़ में संगठित बाइक चोर गिरोह का एक और शातिर सदस्य गिरफ्तार, 25 चोरी की बाइक खपाने वाले नेटवर्क पर कसा शिकंजा
रायगढ़, 11 फरवरी। रायगढ़ पुलिस ने संगठित वाहन चोर गिरोह के मुख्य सदस्यों में शामिल शातिर आरोपी विकेश दास महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 9 फरवरी की शाम आरोपी को पूंजीपथरा क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार वह पूर्व में भी बाइक चोरी के मामलों में जेल जा चुका था और रिहाई के बाद फिर सक्रिय हो गया था।
आरोपी की संलिप्तता पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा तथा रायगढ़ के विभिन्न बाजारों से करीब 25 बाइक चोरी के मामलों में सामने आई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक यह गिरोह चोरी की गाड़ियों को फर्जी दस्तावेजों के सहारे बाजार में बेचता था। पहले की कार्रवाई में गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर 25 बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर जब्त किए जा चुके हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। लैलूंगा क्षेत्र के ऑटो डीलर नेटवर्क और पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटरों की मदद से लोक सेवा केंद्र के जरिए फर्जी आरसी और पंजीयन तैयार किए जाते थे। चेचिस नंबर के आधार पर असली मालिक की जानकारी निकालकर पीबीसी कार्ड में हेरफेर की जाती और ट्रांसफर कार्ड पर कूटरचित हस्ताक्षर कर खरीदारों को धोखा दिया जाता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि बरामद बाइकें पूंजीपथरा थाने के कई अपराधों से संबंधित पाई गई हैं और प्रकरण में फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी के गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नागरिक संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
